टाटा मोटर्स ने आम लोगों की कार नैनो को नए अवतार में पेश किया है। इंजन क्षमता और माइलेज में सुधार के साथ इसमें अन्य कईखूबियों को शामिल किया गया है। राहत की बात यह है कि ग्राहकों को इसके लिए अतिरिक्त कीमत नहीं चुकानी होगी। यानी उन्हें उनकी नैनो पुराने दामों में ही मिलेगी। दुनिया की इस सबसे सस्ती कार की बिक्री बढ़ाने के मकसद से कंपनी ने यह कदम उठाया है।
कंपनी के मुताबिक टाटा नैनो को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए इसके 624 सीसी इंजन की क्षमता को 35 से बढ़ाकर 38 हार्सपावर किया गया है। अधिक ताकतवर होने के बावजूद कार के माइलेज में सुधार हुआ है। कंपनी का दावा है कि नई नैनो एक लीटर पेट्रोल में 25.4 किलोमीटर तय कर सकती है। अब तक इसका माइलेज 23.6 किलोमीटर प्रति लीटर था। टाटा मोटर्स के चेयरमैन ने कहा कि जिन अन्य फीचरों को बदलना गया है, उनमें सस्पेंशन सेट अप, नई स्टीयरिंग प्रणाली, अधिक शक्तिशाली ब्रेक शामिल हैं। इन सभी खूबियों को जोड़े जाने के बाद भी कंपनी ने इसके दामों में कोई फेरबदल नहीं किया है। नैनो के तीनों संस्करण-स्टैंडर्ड, सीएक्स और एलएक्स को 1.40 लाख से 1.96 लाख रुपये के बीच खरीदा जा सकता है।

No comments:
Post a Comment